BREAKING NEWS
2026-08-12

भोपाल में सीएम मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

9 अगस्त की सुबह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी रही। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली और राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया। इस दौरान बारिश के बीच भी युवाओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने जोर-शोर से यह यात्रा निकालकर लोगों को प्रेरित किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस ‘तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच पर तिरंगा लहराकर युवाओं में जोश भरा और उन्हें आजीवन देशभक्ति का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में एक अभियान छेड़ा गया है। उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक एक साथ तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज इंद्र देवता भी देशभक्तों-वीरों का स्वागत कर रहे हैं।

आजादी का लंबा संघर्ष

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा अंग्रेजों भारत छोड़ो अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान ने अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं। उन्होंने बताया कि देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों द्वारा दिए गए बलिदान-संघर्ष और अहिंसक आंदोलन से देश में जो ज्वार उठा, उसकी वजह से 5 साल बाद अंग्रेज भारत छोड़कर चले गए और देश को स्वतंत्रता मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली इस आजादी को आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 अगस्त को 80 साल होंगे।

उत्तरदायित्व का पालन करें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी परमात्मा से कामना करें और सभी शहीदों-स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करें, क्योंकि इन सभी के योगदान से भारत को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि हम अपने सर्वहारा वर्ग और देश के नागरिकों के साथ आजादी का पर्व मनाएं और अपने उत्तरदायित्व का पालन करें। मुख्यमंत्री ने वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर चलने और यह कामना करने की बात कही कि हमारा भारत चिर युवा और चिर स्वतंत्र रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिसका आह्वान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इसमें शामिल होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि पूरे देश में इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मिलकर आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प करेंगे।