बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना जिले में एक सात वर्षीय बच्ची का जर्जर सड़क को लेकर आक्रोश सामने आया है। इस बच्ची ने खराब सड़क के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चेतावनी दी है, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में कीचड़ से भरी सड़क पर खड़ी होकर बच्ची कहती है, “मुख्यमंत्रीजी आप बोलते रहते हो, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ। पर रोड ही नहीं होगी तो बेटी कैसे पढ़ेगी।” बच्ची ने आगे कहा, “यह रोड पूरी खराब है। इस रोड को खुद ही संभाल लो, हमसे नहीं संभली जा रही। हमको आने-जाने में दिक्कत हो रही, तो हम स्कूल नहीं जा रहे। रोड को बनवा दो वर्ना तुम्हें कुर्सी से ही हटवा देंगे, याद रखना।”
यह वीडियो मुरैना जिले की सिकरोडी ग्राम पंचायत के रामरतन पुरा गांव का है। इस गांव की सड़क कच्ची है, जो बारिश में कीचड़ और जलभराव से बदहाल हो गई है। गांव के बच्चे सड़क की इस स्थिति के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
जिले के कई गांवों में कच्ची सड़कें हैं, जो बारिश के मौसम में दलदल में बदल जाती हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण अनेक गांवों में एंबुलेंस और स्कूल वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं।
एक माह पूर्व दिमनी विधानसभा के हवेली गांव में एक युवक ने जर्जर व कच्ची सड़क के निर्माण के लिए दंडवत करते हुए तीन दिन तक अनशन किया था।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़क सालों से कच्ची है। बारिश में बीमारों और प्रसूताओं को अस्पताल ले जाना दूभर हो जाता है। ग्रामीणों ने पंचायत से लेकर विधायक और सांसद तक से सड़क निर्माण की मांग कई बार की है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।

