BREAKING NEWS
2026-10-17

डबरा में स्कूल बस पर फायरिंग, चालक घायल, 50 बच्चे थे सवार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, डबरा।

मध्य प्रदेश के डबरा में शनिवार तड़के एक स्कूली बस पर दो कार सवार युवकों ने कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। फायरिंग में ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल के बस चालक खेम सिंह घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। यह घटना पिछोर थाना क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार, बस सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार बीच में खड़ी थी, जिस पर ‘गुर्जर’ लिखा था और काले शीशे लगे थे। बस चालक ने हॉर्न बजाकर कार हटाने को कहा, तो कार सवार युवकों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाया। जब चालक ने धक्का देकर कार हटाने की बात कही, तो दोनों आरोपी भड़क गए और चालक से उलझ पड़े। बहस के दौरान ही एक आरोपी ने अवैध कट्टा निकालकर बस पर ताबड़तोड़ चार फायर झोंक दिए, जिसमें एक गोली चालक को लगी।

Advertisement

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को थाने परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया और बच्चों को उनके परिजनों के हवाले किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है।