BREAKING NEWS
2026-10-17

सागर में जहरीली शराब से मृतकों की संख्या 33 पहुंची, पंचायत सचिव का निधन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पदस्थ पंचायत सचिव अजय लोधी (30) का शुक्रवार को बीएमसी सागर में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे स्वर्गीय गनपत सिंह लोधी के पुत्र थे।

Advertisement

अजय लोधी की तबीयत जहरीली शराब पीने के बाद बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, उन्हें कुछ वर्ष पहले ही पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।

उनकी मौत के बाद जिले में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।

वर्तमान में करीब एक दर्जन लोग बीएमसी के आईसीयू में उपचाररत हैं।

5 सितंबर से जहरीली शराब से प्रभावित लोगों को बीएमसी में भर्ती कराया जा रहा है। तब से लेकर अब तक कोई भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब किसी की मौत न हुई हो।

इस जहरीली शराब से मरने वालों में 25 से 38 साल के नौजवानों की संख्या सर्वाधिक है। इसके अतिरिक्त, एक महिला की भी मौत हुई है।

जहरीली शराब प्रकरण में पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब बनाने और बेचने में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनके मकानों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। साथ ही, सरकारी जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई भी जारी है।

शराब बनाने का कथित फार्मूला उपलब्ध कराने के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है।

रवि लखेरा को उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है।