बुलंद सोच, देवास।

देवास जिले के दूरस्थ अंचल सतवास थाना क्षेत्र के ग्राम बाईजगवाड़ा स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात करीब ढाई बजे एक मिनी ट्रक के चालक के साथ गुंडागर्दी करते हुए मारपीट की गई। करीब एक दर्जन आरोपियों ने चालक को डराया-धमकाया और डंडों से वाहन में तोड़फोड़ की।
घटना के दौरान पिस्टल लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सतवास थाना पुलिस ने इस मामले में 10 से अधिक आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आष्टा से खंडवा जाते समय मिनी ट्रक को रोककर चालक से मारपीट की गई। इस घटना में एक दर्जन से अधिक आरोपी शामिल हैं, जिनमें से पांच के नाम की पुष्टि हो चुकी है। इन नामित आरोपियों सहित अन्य अज्ञात आरोपितों पर मारपीट, वसूली और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के कथन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी काफी दूर से मिनी ट्रक का पीछा कर रहे थे। चालक डरा हुआ था, इसलिए वह वाहन को भगाता रहा। पेट्रोल पंप दिखाई देने पर उसने वहां गाड़ी रोक दी, जिसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया।
केबिन का लॉक नहीं खोलने पर आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर चालक को डराया। वायरल वीडियो में आरोपी चालक व उसके सहायक को जबरन नीचे उतारने की बात करते हुए गालीगलौज करते दिख रहे हैं। नीचे उतरने पर चालक को डंडों से पीटा गया।
चालक से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ के दौरान कुछ आरोपियों ने मिनी ट्रक की तिरपाल खोलकर देखी। इस दौरान एक आरोपी ने कहा, “जब कुछ नहीं था तो गाड़ी क्यों भगा रहा था, नीचे उतर तुझे बताते हैं।”
पुलिस की कार्रवाई
सतवास थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो में एक आरोपी पिस्टल निकालकर मिनी ट्रक ड्राइवर व सहयोगी को डराते-धमकाते दिख रहा है।
थाना प्रभारी पुरी के अनुसार, यह पिस्टल असली है या नकली, या फिर वैध है या अवैध, यह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा।

