बुलंद सोच, डही।

ग्राम कलमानी में मटके का पानी पीने से सरपंच प्रतिनिधि सहित चार लोग बीमार हो गए। इसी पानी को पीने से एक बकरी के बच्चे की मौत भी हो गई। परिवार को मटके में चूहा मारने की दवा मिली, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों को पानी में जहरीला पदार्थ होने का संदेह हुआ। मटके के ऊपर बंधा कपड़ा हटाकर देखा गया, तो उसके पेंदे में सफेद चूहा मार दवा दिखाई दी।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस कार्रवाई
पानी पीने के बाद चक्कर आने की शिकायत पर सभी बीमार लोगों को सिविल अस्पताल कुक्षी में भर्ती कराया गया। डही पुलिस ने मटके के पानी का सैंपल लेकर मटका जब्त कर लिया है। मृत बकरी के बच्चे का पोस्टमार्टम डही के पशु अस्पताल में किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पानी में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की पुष्टि होगी।
घटनाक्रम और परिवार का बयान
कलमानी के सरपंच प्रतिनिधि मुन्ना डोडवे बुधवार शाम अपने भाई सुरेश के घर गए थे। उन्होंने घर के बाहर रखे मटके का पानी पिया और चले गए। शाम करीब 6:30 बजे सुरेश के परिवार वाले खेत से घर लौटे। सुरेश की पत्नी मंजू बाई, बेटा अरविंद और उसकी पत्नी रेखा ने भी उसी मटके से पानी पिया। यही पानी बकरी के बच्चे को भी पिलाया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस पर परिवार को पानी में जहरीला पदार्थ होने का संदेह गहराया। सरपंच प्रतिनिधि मुन्ना डोडवे ने बताया कि उन्हें भी पानी कड़वा लगा था, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। भतीजे के फोन से बकरी के बच्चे की मौत की खबर मिलने पर वह घबरा गए और सभी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार की गांव में किसी से दुश्मनी नहीं है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस जांच कर रही है कि मटके के पानी में जहर किसने मिलाया। डही थाना प्रभारी दिलीप तड़ेवला ने बताया कि पानी का सैंपल लिया गया है। दोनों मटके जब्त किए गए हैं और बकरी के बच्चे का पीएम करवाया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि होगी।

