बुलंद सोच, धार।

धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में छह युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सभी युवक उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना का कारण
रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले (नंबर GJ 39 DB 9248) ने सामने से युवकों की ईको वैन को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रॉला रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था और उसमें लोहे का सामान भरा था। मारुति ईको स्पोर्ट्स कार (नंबर GJ 17 CK 6134) उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। हादसे के बाद ट्रॉले का चालक मौके से फरार हो गया।
पीड़ितों की पहचान और बचाव कार्य
हादसे का शिकार हुए सभी युवक गुजरात के वडोदरा शहर के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों और गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला। घायल को तत्काल एंबुलेंस से सिविल अस्पताल बदनावर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी और कार की खिड़की का कांच तोड़कर शवों को बाहर निकाला। मौके पर तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी उपस्थित थे।
आगे की कार्रवाई
हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को गुजरात में सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

