BREAKING NEWS
2026-10-17

डच सीईओ ने अजनार नदी सफाईकर्मी बिट्टू तबाही को नौकरी की पेशकश की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ब्यावरा।

नीदरलैंड की पर्यावरण संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ के सीईओ बोयान स्लाट ने अजनार नदी की सफाई में जुटे ब्यावरा के 21 वर्षीय बिट्टू तबाही को अपनी मुहिम से प्रभावित होकर काम करने का प्रस्ताव दिया है। उद्योगपति आनंद महिंद्रा, मुख्यमंत्री मोहन यादव और क्रिकेटर केविन पीटरसन सहित कई प्रमुख हस्तियों ने उनके प्रयासों की सराहना की है।

बिट्टू ब्यावरा में रहते हैं और बीएससी द्वितीय वर्ष में जीव विज्ञान की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना नाम ‘बिट्टू तबाही’ रखा है। उनके अनुसार, ‘तबाही’ नाम थोड़ा अटपटा है, इसलिए उन्होंने सोचा कि अच्छे कामों में ही ‘तबाही’ मचाई जाए।

Advertisement

मध्य प्रदेश के ब्यावरा में 26 जनवरी 2026 को बीएससी के छात्र बिट्टू ने एक मंदिर के पास अजनार नदी की सफाई का अभियान शुरू किया। नदी के कुछ हिस्से कचरे के ढेर में बदल चुके थे।

बिट्टू प्रतिदिन नदी किनारे पहुंचते थे और बिना किसी बड़ी मशीन या तैरने की क्षमता के भी कचरा निकालने के अपने जुनून पर कायम रहे। शुरुआत में लोगों ने इसे सनक समझा, किसी ने मजाक उड़ाया तो किसी ने इसे बेकार की कवायद बताया।

बिट्टू ने अकेले ही नदी से प्लास्टिक और अन्य कचरा निकालना शुरू किया। उन्होंने पूजा सामग्री से निकलने वाले कचरे को खाद में बदलने की पहल भी की।

सफाई अभियान के दौरान बिट्टू गंभीर रूप से बीमार भी पड़े और उनके हाथ-पैरों में त्वचा का गंभीर संक्रमण हो गया, लेकिन उनका हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने काम नहीं छोड़ा।

उन्होंने और उनके कुछ दोस्तों ने मिलकर लगभग 30,000 रुपये जुटाए, जिससे सफाई के औजार, कूड़ेदान खरीदे गए और कचरा हटाने के लिए एक जेसीबी मशीन भी लगवाई गई।

पहचान और सम्मान

बिट्टू की मेहनत की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया तक पहुंचे, जिससे उनकी कहानी ब्यावरा से निकलकर देश-दुनिया तक जा पहुंची। कुछ लोगों ने उन पर लाइक्स और लोकप्रियता के लिए यह सब करने का आरोप भी लगाया।

30 मार्च को उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बिट्टू का वीडियो साझा करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आलोचना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि लाइक्स पाने की चाहत किसी अच्छे काम का माध्यम बन सकती है, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं है। महिंद्रा ने बिट्टू को अपना आदर्श भी बताया।

क्रिकेटर केविन पीटरसन ने इंस्टाग्राम पर बिट्टू की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने यह कहानी पढ़ी और सोचा कि इसे साझा करना चाहिए। उन्होंने 20 साल की उम्र में बिट्टू तबाही के बिना दस्ताने, जूते और तैरने की क्षमता के प्रदूषित नदी में उतरकर अकेले सफाई शुरू करने की सराहना की।

मुख्यमंत्री की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में बिट्टू को सम्मानित किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बिट्टू ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प से अजनार नदी की सफाई की, साथ ही समाज को यह संदेश भी दिया कि बदलाव के लिए बड़ी भीड़ नहीं, बल्कि एक सच्ची पहल ही काफी है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बिट्टू की यह पहल जल गंगा संवर्धन अभियान की भावना को मजबूत करती है, जिसका मूल उद्देश्य जनभागीदारी के साथ जल स्रोतों का संरक्षण एवं उनका पुनर्जीवन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अजनार नदी से शुरू हुआ यह संकल्प प्रदेश के युवाओं को अपने आसपास के जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा और पूरे प्रदेश को बिट्टू पर गर्व है।

बिट्टू के उपनाम ‘तबाही’ का अर्थ विनाश होता है, लेकिन आज वह जल प्रदूषण के विनाश के लिए जुटे हुए हैं।