बुलंद सोच, इंदौर।

पूर्व में रेलवे स्टेशन की तरह मेट्रो स्टेशनों के नाम भी एक बार तय होने के बाद बदले नहीं जा सकते थे। गजट नोटिफिकेशन में मेट्रो स्टेशन का जो नाम दर्ज होता था, वही तय रहता था। केंद्र सरकार से अनुमति लेने के बाद ही राज्य सरकार नाम बदल सकती थी। केंद्र सरकार ने अपने नियमों को शिथिल करते हुए मेट्रो स्टेशन के नाम बदलने के लिए राज्य सरकारों को अधिकार दे दिए हैं। ऐसे में अब राज्य सरकारें अपने शहरों में किसी भी मेट्रो स्टेशन का नया नामकरण कर सकेंगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को इंदौर मेट्रो के कार्यक्रम में मेट्रो के अधिकारियों व शहर के जनप्रतिनिधियों को यह जानकारी दी।
इंदौर में नाम बदलने के सुझाव
इंदौर के जनप्रतिनिधि लंबे समय से मेट्रो के कुछ स्टेशनों का नाम देश की वीरांगनाओं के नाम पर रखने की मांग करते आ रहे हैं। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मेट्रो के अधिकारियों को बापट चौराहे के मेट्रो स्टेशन का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय रखने का सुझाव दिया। ऐसे में अब इस स्टेशन का नाम भी बदलेगा। 30 मई 2025 को सुपर कॉरिडोर के 5.9 किलोमीटर हिस्से पर पहली बार मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू हुआ था। उस कार्यक्रम के एक दिन पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गांधी नगर स्टेशन का नाम मां अहिल्या मेट्रो स्टेशन और चार अन्य स्टेशनों के नाम दुर्गावती, अवंतिका बाई, रानी लक्ष्मीबाई, वीर झलकारी बाई के नाम पर रखने की घोषणा की थी। मंत्री विजयवर्गीय की घोषणा के बाद भी मेट्रो प्रबंधन नियमों की बाधा के कारण अभी तक उन स्टेशनों के नाम नहीं बदल सका था। ऐसे में अब इन स्टेशनों के नाम भी बदले जा सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा
बापट चौराहे स्थित मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो के मॉडल को देखते हुए जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पूछा कि जिस स्टेशन पर वे खड़े हैं, उसका नाम क्या है। मेट्रो अधिकारियों ने जवाब दिया कि वह बापट चौराहा स्टेशन है। इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगी हुई है, इस वजह से स्टेशन उनके नाम पर होना चाहिए। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि नाम बदलने के लिए केंद्र सरकार से अनुमति जरूरी है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि वे नियम शिथिल कर चुके हैं और राज्यों को पत्र व सूचना भी दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नाम बदल सकती है। इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अब तो सुपर कॉरिडोर पर पूर्व में तय किए गए स्टेशनों के नाम बदले जा सकेंगे।
इंदौर मेट्रो सेवा और किराया
आज से यात्री मेट्रो में सफर कर सकेंगे। मेट्रो सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक हर 15 मिनट पर मिलेगी। न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 70 रुपये होगा। इंदौर अंडरग्राउंड मेट्रो रूट की रेंज में कई हेरिटेज इमारतें, धर्म स्थल और जल स्त्रोत भी हैं, जिसके संबंध में हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई है।

