BREAKING NEWS
2026-10-17

गजल गायक तलत अजीज के मुंबई स्थित घर में भीषण आग, परिवार अस्पताल में भर्ती होकर डिस्चार्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुंबई।

मुंबई के जुहू इलाके में शुक्रवार देर रात दिग्गज गजल गायक तलत अजीज के डुप्लेक्स अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उनका पूरा घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

धुआं भरने के कारण दम घुटने की शिकायत के बाद तलत अजीज, उनकी पत्नी, दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Advertisement

राहत की बात यह है कि इलाज के बाद शनिवार को सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 10 बजकर 56 मिनट पर जुहू की पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने की सूचना मिली थी। इस आग में इलेक्ट्रिक वायरिंग, सोफा और स्प्लिट एयर कंडीशनर समेत घर का काफी सामान जल गया। तलत अजीज का परिवार इस इमारत में पिछले करीब 40 साल से रह रहा है।

आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रात 11 बजकर 58 मिनट तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मौके पर पुलिस, अडाणी इलेक्ट्रिसिटी और नगर निगम के कर्मचारी भी पहुंचे थे। फायर ब्रिगेड के अधिकारी आग लगने की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं।

धुएं में सांस लेने के कारण 70 वर्षीय तलत अजीज, उनकी 65 वर्षीय पत्नी बीना, बेटे शायान (30) और अदनान (25) तथा सिकंदर सिंह (45) को परेशानी होने लगी थी। इसके बाद सभी को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।

हादसे का मंजर बताते हुए तलत अजीज ने मीडिया से कहा कि जब आग लगी, तब वह नीचे हॉल में बैठकर टीवी देख रहे थे, जबकि उनकी पत्नी बीना ऊपर वाले कमरे में थीं। उन्होंने बताया कि अचानक हॉल में लगा एक एयर कंडीशनर, जो उस समय चालू भी नहीं था, उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग फैल गई। उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपनी पत्नी की सुरक्षा को लेकर थी और वह लगातार उन्हें आवाज दे रहे थे।

बीना ऊपर बाथरूम की तरफ भागीं। उन्होंने तुरंत शावर चालू किया और खिड़की से बाहर मदद के लिए पुकारने लगीं। इसी दौरान एक पड़ोसी ने हिम्मत दिखाते हुए सीढ़ी लगाकर बीना को खिड़की के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच सकी।

तलत अजीज ने बताया कि घर में धुआं बहुत ज्यादा भर जाने के कारण परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उन्होंने कहा कि अब सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। घर के दोबारा रहने लायक होने तक पूरा परिवार एक होटल में रहेगा। इस मुश्किल वक्त में तलत अजीज ने पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवा का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने पड़ोसियों की मदद की भी सराहना की।

आग में तलत अजीज का हारमोनियम और उनकी पत्नी बीना की बनाई हुई कई पेंटिंग्स समेत कई कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए। हालांकि, इन सामानों के खोने का उन्हें दुख है, लेकिन परिवार के सभी सदस्यों के सुरक्षित बच जाने से वह राहत महसूस कर रहे हैं।

तलत अज़ीज़ गज़ल संगीत की दुनिया के मशहूर नाम हैं। वह ‘फिर छिड़ी रात’, ‘जिंदगी जब भी’ और ‘आईना मुझसे मेरी’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जाने जाते हैं।