बुलंद सोच, ग्वालियर।
शहर के बहोड़ापुर इलाके में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने पुलिस लाइन स्थित डिटेंशन सेंटर में भिजवा दिया है।
पूछताछ में सामने आया कि यह असम के रास्ते भारत में घुसे थे। यहां फर्जी दस्तावेज बनवाए और पहचान छिपाकर ग्वालियर में रहने लगे।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि ये लोग बगैर नागरिकता के रह रहे थे। इनके संबंध में रेडियो मैसेज कराया गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि भारत में किसी भी राज्य में इनके खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण तो दर्ज नहीं है।
ये लोग बहोड़ापुर और पिंटो पार्क इलाके में रह रहे थे। पिछली बार जो बांग्लादेशी पकड़े गए थे, उन्हीं से इनपुट मिला था, जिसके बाद इनकी तलाश चल रही थी। पड़ाव में मिली एक युवती की सहेली भी बांग्लादेशी थी, जिसे सिटी सेंटर स्थित हाउसिंग सोसायटी से पकड़ा गया।
इन सभी को डिटेंशन सेंटर में रखवाया गया है। अगर इनके खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं निकला, तो बीएसएफ को सूचना दी जाएगी, जिसके बाद इन्हें डिपोर्ट करने की कार्रवाई शुरू होगी।

