बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर शहर के गोयल फ्लावर सिटी, जेतल विहार और आरके गार्डन कॉलोनियों को जोड़ने वाली रामौआ चौराहा से मर्सी लेन तक की मुख्य सड़क की खराब हालत के खिलाफ रविवार को सैकड़ों रहवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
रहवासियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस सड़क में गड्ढे और टूट-फूट के कारण उन्हें रोजाना जान जोखिम में डालकर एनएच-44 हाईवे से आना-जाना पड़ता है।
प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर रहवासियों ने खुद मोर्चा संभाला।
सुबह 11 बजे, रहवासी सड़क पर एकत्र हुए और पहले प्रतीकात्मक रूप से चक्का जाम किया। इसके बाद सभी ने श्रमदान करते हुए सड़क के बड़े गड्ढों को मिट्टी और पत्थर से भर दिया।
इस दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराते हुए सड़क का निर्माण जल्द करवाने की मांग की गई।
रहवासियों का कहना है कि यह सड़क लगभग एक किलोमीटर लंबी है, लेकिन इसी छोटे से हिस्से के कारण हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एक छात्र ने कहा कि सड़क के गड्ढों के कारण उनकी स्कूल बस अक्सर फंस जाती है, जिससे वे कई बार लेट हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि घर के बाहर खेलना तो दूर, वे पैदल भी नहीं निकल पाते हैं। अगर निकलते हैं, तो उनके जूते मिट्टी से खराब हो जाते हैं, जिससे उनकी माताएं उन्हें डांटती हैं। लेकिन अब उन्होंने सड़क को ठीक कर दिया है, जिससे न तो बस फंसेगी और न ही वे स्कूल जाने में लेट होंगे।

