बुलंद सोच, ग्वालियर।

शहर के वार्ड क्रमांक 21 के अंतर्गत न्यू बैंक कॉलोनी में नगर निगम से नक्शे में पार्किंग की अनुमति लेकर बिल्डर ने 18 दुकानें तैयार कर दी थीं। इस मामले की जानकारी मिलने पर गुरुवार को नगर निगम की भवन शाखा और मदाखलत अमले ने इन दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की।
पूर्व में निगम द्वारा इस अवैध निर्माण को हटाने के लिए बिल्डर मोहन बांदिल और ऋषभ जैन को नोटिस भी जारी किए गए थे।
जब भवन स्वामियों ने स्वयं निर्माण नहीं हटाया, तब गुरुवार को निगम का बुलडोजर इन दुकानों पर चला और अनुमति के विपरीत बनाई गई इन दुकानों को हटाया गया।
भवन अधिकारी यशवंत मैकले ने बताया कि वार्ड 21 न्यू बैंक कॉलोनी में मोहन बांदिल व ऋषभ जैन द्वारा नगर निगम से प्राप्त अनुमति के खिलाफ पार्किंग के स्थान पर 18 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था।
मैकले ने यह भी बताया कि निगम द्वारा अवैध निर्माण हटाने के लिए विधिवत नोटिस दिए गए थे, किंतु भवन स्वामी द्वारा अनुमति के विपरीत निर्माण नहीं हटाया गया था। ऐसे में अनुमति के विपरीत बनाई गईं इन दुकानों को हटाया गया।
अन्य अतिक्रमण हटाए गए
इसके साथ ही पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत माधव प्लाजा के सामने थोराट की गोठ में सड़क पर बनी दीवार की तुड़ाई कर गेट, फावड़ा आदि जब्त किया गया।
इसके पश्चात मुरार बारादरी से सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, गणेश मंदिर, गरम सड़क गर्ल्स कॉलेज तक यातायात में अवरुद्ध हाथ ठेले, फुटपाथियों और दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया।
अभियान में मौजूद अधिकारी
इस कार्रवाई के दौरान मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र चौहान, जोनल ऑफिसर सौरव चौधरी, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सहित मदाखलत अमला मौजूद रहा।

