BREAKING NEWS
2026-10-17

ग्वालियर सराफा में सोने की चोरी करने वाली ‘भाई-बहन गैंग’ पकड़ी गई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में लश्कर स्थित सराफा बाजार की दुकान से सोने का टॉप्स चोरी करने वाली एक गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गैंग में भाई-बहन शामिल हैं।

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के सुई-धागे, सोने की चेन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

पुलिस ने तीन महिलाओं और उनके भाई को गिरफ्तार किया है। इनसे अभी और पूछताछ जारी है।

पहली वारदात का खुलासा

27 सितंबर को सराफा बाजार स्थित दिव्यांश ज्वेलर्स पर दो महिलाएं सुई-धागा टॉप्स खरीदने के बहाने आई थीं। उनके साथ एक बच्चा भी था।

इसी दौरान उन्होंने तीन ग्राम सोने का टॉप्स चोरी कर लिया। कारोबारी ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, तब चोरी का खुलासा हुआ।

फुटेज में महिलाएं चोरी करती हुई नजर आईं, जिसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। कोतवाली थाना पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की।

पहचान होने के बाद पुलिस ने पुरानी छावनी इलाके में दबिश दी और रेखा धानुक को पकड़ा।

कड़ी पूछताछ में रेखा धानुक ने अपनी बहन हेमा धानुक और भाई अंकित धानुक के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की।

आरोपी अंकित धानुक अपनी बहनों को बाइक से दुकान तक लाने-ले जाने और रैकी करने का काम करता था।

पुलिस ने रेखा की निशानदेही पर सुई-धागे और अंकित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक जब्त कर ली। इसके बाद पुलिस ने दूसरी बहन हेमा धानुक को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी चोरी का खुलासा

पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी तीसरी बहन रानी धानुक के साथ मिलकर इसी साल 9 जनवरी को सराफा बाजार स्थित प्रभुदयाल प्रेमचंद्र सर्राफ ज्वैलर्स की दुकान से भी सोने की एक चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने चौथी आरोपित रानी धानुक को कृष्णा पहाड़ी (मोतीझील) से गिरफ्तार कर उसके घर से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली।

अन्य शहरों में वारदातें

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन लोगों ने दूसरे शहरों में भी वारदातें की हैं।

इसलिए इन चारों के फोटो मध्य प्रदेश पुलिस के पोर्टल पर साझा किए गए हैं।

इस संबंध में एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि गहनों की दुकान से चोरी करने वाली गैंग पकड़ी गई है। इसमें तीन महिलाएं और इनका एक भाई शामिल है। दो चोरियों का खुलासा हुआ है।