बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी की निवासी युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती के अनुसार, उसे सिटी सेंटर स्थित अल्कापुरी तिराहे से एक ऑटो चालक और उसके साथी ने अगवा कर लिया।
आरोपियों ने युवती के साथ बेला की बावड़ी इलाके में दुष्कर्म किया। वह वहीं बेहोशी की हालत में मिली थी।
होश आने पर युवती ने पुलिस से संपर्क किया। माधौगंज थाने में इस मामले में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई।
बाद में केस डायरी यूनिवर्सिटी थाने भेजी गई, जहाँ मूल एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अपहरण और दुष्कर्म की वारदात
युवती ने बताया कि वह घर से बाजार के लिए निकली थी। इसी दौरान सिंधिया नगर निवासी छोटू कुशवाह ऑटो लेकर आया।
छोटू कुशवाह ने युवती को जबरन ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में पीछे पहले से कोमेश कुशवाह बैठा हुआ था।
इन लोगों ने ऑटो में युवती को जबरन नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाया। पानी पीते ही युवती बेहोश हो गई।
इसके बाद उसे बेला की बावड़ी इलाके में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। जब उसकी आँख खुली, तो वह निर्वस्त्र थी।
उसने राहगीरों से मदद मांगी, जिसके बाद सबसे पहले गिरवाई पुलिस मौके पर पहुँची।

