बुलंद सोच, ग्वालियर।

बड़े पर्दे पर ‘बाबा नीम करोली’ की भक्ति और आस्था की कहानी ‘हनुमान अंश’ को देशभर के दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। इस फिल्म ने कमाई के मामले में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।
इस सफलता की कहानी में ग्वालियर की सुरमयी आवाजों का भी अहम हिस्सा है। फिल्म के कुल 13 गीतों में से पांच को शहर के साधु तिवारी ने अपनी आवाज दी है, जबकि श्रेयश धर्माधिकारी ने ‘जय हनुमान’ गीत गाया है।
साधु तिवारी ने इन पांच गीतों को केवल गाया ही नहीं, बल्कि इनके शब्दों की रचना भी की और संगीत भी तैयार किया है। उन्होंने फिल्म में ‘आवागवम’, ‘सासा हाले’, ‘जिद पर आ गई पार्वती’, ‘हे खरारी’ और ‘बजरंग बांका’ जैसे गीत गाए हैं।
मूल रूप से करैया भितरवार के निवासी साधु तिवारी ने ग्वालियर के साइंस कॉलेज से स्नातक और एक निजी संस्थान से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। उन्होंने ग्वालियर के विभिन्न निजी महाविद्यालयों में अतिथि संकाय सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं।
पढ़ाई और शिक्षण के साथ ही उनका असली जुनून गायन था। उन्होंने ग्वालियर के शास्त्रीय गायक संजय देवले से संगीत की शिक्षा प्राप्त की। संगीत के प्रति इसी जुनून ने उन्हें धीरे-धीरे मुंबई तक पहुंचाया।
फिल्म के संगीत में ग्वालियर का एक और नाम श्रेयश धर्माधिकारी का है। उन्होंने फिल्म के भक्ति गीत ‘जय हनुमान’ को अपनी आवाज दी है।
जब यह गीत पर्दे पर सुनाई देता है, तो ग्वालियर के दर्शकों के लिए इसका जुड़ाव और बढ़ जाता है। श्रेयश धर्माधिकारी ग्वालियर में लाला का बाजार में रहते हैं और उनकी शिक्षा भी यहीं से हुई है। वर्तमान में वह मुंबई में कार्यरत हैं।

