BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर में फर्जी आईएएस ‘राज सोनी’ गिरफ्तार, घर के बाहर लगाई थी कलेक्टर की नेमप्लेट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में एक व्यक्ति को फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर घूमने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लसूड़िया पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की। आरोपी ने खुद को ‘आइएएस राज सोनी, जिला कलेक्टर’ बताया था।

Advertisement

एसीपी पराग सैनी के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति का असली नाम हिमांशू पंचाल है, जो योगेश भाई का पुत्र और अहमदाबाद, गुजरात का निवासी है। वह लगभग एक महीने पहले अपनी माँ के साथ इंदौर आया था।

इंदौर में हिमांशू ने ओमेक्स सिटी में 15 हजार रुपये महीने के किराये पर एक मकान लिया था। उसने अपने घर के बाहर ‘आइएएस राज सोनी (जिला कलेक्टर)’ के नाम की नेमप्लेट लगा रखी थी।

आरोपी आने-जाने के लिए प्रतिदिन 2500 रुपये किराये की कार और ड्राइवर का इस्तेमाल करता था। वह वाहन चालकों को जल्द ही स्थायी करने का प्रलोभन देता और कहता था कि उसकी कुछ ही दिनों में पोस्टिंग होने वाली है।

इसी दौरान, हिमांशू ने बायपास स्थित एक सितारा होटल में वाहन चालकों और उनके परिवारों के लिए एक पार्टी भी रखी। पार्टी के बाद होटल का लगभग 16 हजार रुपये का बिल बना।

हिमांशू ने होटल के रजिस्टर में रिव्यू लिखते हुए नाम ‘आइएएस राज सोनी’ दर्ज किया। जब होटल प्रबंधन ने भुगतान मांगा, तो उसने कहा कि उसका पीए बिल का भुगतान कर देगा। आईएएस अधिकारी समझकर होटल प्रबंधन ने तत्काल कोई विवाद नहीं किया।

हालांकि, उसके व्यवहार पर संदेह होने के बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हिमांशू की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

इसके बाद बुधवार को एसीपी पराग सैनी और टीआइ राजकुमार यादव की टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हिमांशू पंचाल के रूप में सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशू ने खुद को आइएएस बताकर न केवल घर के बाहर कलेक्टर के नाम की प्लेट लगा रखी थी, बल्कि कार और ड्राइवर के जरिए भी अधिकारी वाला रौब दिखाता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने इंदौर में किस-किस व्यक्ति को अपनी फर्जी पहचान से प्रभावित किया और इस दौरान किसी से रुपये या अन्य लाभ तो नहीं लिया।

पुलिस के अनुसार, हिमांशू का आपराधिक अतीत भी सामने आया है। वह गुजरात में पूर्व में थानेदार बनकर अवैध वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है।

एसीपी के मुताबिक, आरोपित ने आईटी सेक्टर में काम किया है। हिमांशू लगभग एक महीने पहले ही अपनी माँ के साथ इंदौर आया था।

हिमांशू ने घर में छत पर रूई लगाकर कमरे को बादल की तरह सजा रखा था। उसने उसमें आरजीबी लाइटें लगा रखी थीं और जगह-जगह ‘आइएएस’ लिखी हुई तस्वीरें भी लगी थीं।

पुलिस फिलहाल हिमांशू से पूछताछ कर रही है।