बुलंद सोच, रीवा।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक मिलकर एक अन्य युवक की सड़क पर बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। यह वायरल वीडियो शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पीके स्कूल के समीप का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर पूरी तरह बेखौफ होकर युवक पर ताबड़तोड़ डंडे और बेल्ट बरसा रहे हैं। मारपीट की इस घटना को देखकर सड़क पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने समय रहते बीच-बचाव कर पीड़ित युवक की जान बचाई। घटना के दौरान किसी राहगीर ने मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
आरोपियों की पहचान
वायरल हो रहे इस वीडियो में मारपीट करने वाला एक आरोपी खुद को ‘आदिल अमहिया’ बताता हुआ सुनाई दे रहा है। हालांकि, अभी तक पीड़ित युवक और मारपीट करने वाले दूसरे आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस कार्रवाई
यह मामला स्थानीय थाने तक पहुंचा है या नहीं, और इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं, इसकी पुख्ता जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।

