बुलंद सोच, हरदा।
हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक महिला असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। वाहन चेकिंग करते समय एक बाइक ने सामने खड़ी एएसआई को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हंडिया थाने में पदस्थ एएसआई मंजू मसीह सोमवार को पुलिस स्टाफ के साथ क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थीं।
इसी दौरान एक बाइक सवार अपनी भाभी और बच्चों के साथ वहां से गुजर रहा था। बताया गया है कि बाइक अनियंत्रित होकर सामने खड़ी एएसआई मंजू मसीह से जा टकराई।
टक्कर लगते ही एएसआई सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली।
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि एएसआई मंजू मसीह हंडिया थाने में पदस्थ हैं और स्टाफ के साथ वाहन चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान बाइक की टक्कर से वह घायल हुईं।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और बाइक की गति कितनी थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घायल एएसआई का भोपाल में उपचार कराया जा रहा है।

