BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर में एएसआई द्वारा पान दुकान संचालक को पीटने का वीडियो वायरल, मासिक बंदी मांगने का आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में एक पान दुकान संचालक को दुकान में घुसकर बेहरमी से मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद अफसरों ने मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।

Advertisement

वायरल वीडियो में राऊ थाने के एएसआई अनुज कुमार एक पान दुकान संचालक पर लाठियों से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो वायरल करने वालों ने एएसआई अनुज और उनके ड्राइवर निलेश पर 25 हजार रुपये की बंदी न देने के आरोप में मारपीट करने की बात कही है।

पिटाई का शिकार युवक राहुल चौरसिया का आरोप है कि यह घटना 18 सितंबर की है, जब रात को लगभग 12:30 बजे वह सिलिकॉन सिटी स्थित अपनी पान दुकान पर था।

तभी एएसआई अनुज और ड्राइवर निलेश वहां पहुंचे और उसे ‘बिना महीने के पैसे दिए’ दुकान चलाने को लेकर धमकाया, जिसके बाद उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी।

राहुल चौरसिया का आरोप है कि एएसआई अपने ड्राइवर के जरिए प्रतिमाह 25 हजार रुपये की बंदी की मांग कर रहा था और न देने पर उसे पीटा गया है।

पुलिस का पक्ष

इधर, डीएसपी जोन-1 नरेंद्र रावत ने बताया कि जो वीडियो वायरल हुआ है, उसकी हकीकत जांचने के बाद संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, राऊ टीआई राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि एएसआई पर बंदी के रुपये मांगने के झूठे आरोप लगाए गए हैं।

टीआई राठौर के अनुसार, देर रात तक पान दुकान संचालक दुकान खोलकर असामाजिक तत्वों को बैठाता है और कई बार समझाइश के बाद भी न मानने पर उसने एएसआई से बदसलूकी की थी, इसी कारण कार्रवाई की गई है।