बुलंद सोच, हरदा।
जनपद पंचायत के उपयंत्री गौरव दुबे (54) शहर स्थित होटल मिश्रा पैलेस के कमरा नंबर 113 में अर्धनग्न अवस्था में मृत पाए गए। पुलिस ने सोमवार सुबह दरवाजा तोड़कर उनके शव को बाथरूम से बरामद किया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरा सील किया
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरा सील कर दिया। गौरव जनपद में मनरेगा के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वे पिछले 15 वर्षों से इसी होटल में रह रहे थे।
परिवार भोपाल में रहता है
गौरव की पत्नी, बेटा और बेटी सहित उनका पूरा परिवार भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में रहता है।
मौत की वजह अस्पष्ट, पुलिस को हार्ट अटैक की आशंका
उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने प्रारंभिक रूप से हार्ट अटैक की आशंका जताई है। थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सहकर्मियों ने वेतन न मिलने का दावा किया
उनके सहकर्मी इंजीनियरों का कहना है कि गौरव दुबे को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला था। सहकर्मियों ने यह भी दावा किया है कि उनके निधन के बाद गौरव दुबे के बैंक खाते में वेतन जमा करा दिया गया है।
वेतन संबंधी समस्याओं पर चर्चा
कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी है कि वेतन संबंधी समस्याओं के चलते पूर्व में भी दो सब इंजीनियरों की मौत हो चुकी है।

