BREAKING NEWS
2026-07-29

बैंककर्मी पलक काशिव की हत्या का खुलासा, प्रेमी मयंक शाक्य ने शादी से इनकार पर गला दबाया और पेट्रोल से जलाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

बैंक कर्मचारी पलक काशिव की मौत का मामला हत्या का निकला, जिसे स्वजन पहले हादसा बता रहे थे। पुलिस ने पलक के प्रेमी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार किया है। मयंक जबरदस्ती शादी करना चाहता था और पलक के इनकार करने पर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बेहोशी की अवस्था में उसने पलक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।

Advertisement

घटना और पुलिस जांच

टिमरनी (हरदा) निवासी 26 वर्षीय पलक तपेश्वरी बाग कॉलोनी में किराये से रहती थी और आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी करती थी। रविवार रात पलक का अधजला शव घर में ही मिला था। पुलिस पहले इसे आत्महत्या या हादसा मानकर जांच कर रही थी। इसी बीच एक सीसीटीवी फुटेज ने जांच की दिशा बदल दी। सोमवार रात पुलिस ने डबरा (दतिया) में दबिश देकर मयंक पुत्र किशन शाक्य को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में मयंक ने पलक को पेट्रोल डालकर जलाना स्वीकार कर लिया। संवेदनशील घटना के कारण पुलिस ने मामले की जानकारी गोपनीय रखी थी और जोन-2 के डीसीपी अमन सिंह राठौर स्वयं पूछताछ कर रहे हैं।

घटना स्थल का विवरण और परिवार का पक्ष

पलक दो दिन से परिवार के संपर्क में नहीं थी। पिता राधेश्याम के फोन करने पर मकान मालिक देखने पहुंचे तो उन्हें पलक का शव मिला। एसआई अनिल गौतम मौके पर पहुंचे और शव को एमवाय अस्पताल भेजा। शव घर के अंदर किचन में पड़ा हुआ था। गैस चूल्हे का बर्नर निकला था और गैस का रिसाव हो रहा था। चूल्हे पर कटी हुई सब्जी भी रखी थी। परिस्थिति देखकर लगा कि खाना बनाते समय आग लगी है। स्वजन ने भी इसे हादसा बताया और विवाद, दोस्ती व प्रेम संबंधों से इनकार किया था।

सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तारी

टीआई मनोज सेंधव ने कॉलोनी में लगे कैमरे खंगाले, जिसमें एक नकाबपोश युवक हड़बड़ाते हुए जाते दिखा। उसकी पीठ पर बैग टंगा हुआ था। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल निकाली गई तो मयंक का नंबर मिला। घटना के समय उसकी लोकेशन भी खजराना क्षेत्र की मिली, जिससे अपराध की पुष्टि हुई। इसके बाद सोमवार रात पुलिस दतिया पहुंची और आरोपित को पकड़ लिया।

आरोपित और संबंध

मयंक कूलर सुधारने का काम करता है। करीब छह साल पहले स्टार मेकर्स (एसएम) के माध्यम से दोनों की दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे थे। पलक के स्वजन ने उनकी शादी से इनकार कर दिया था और अन्य जगह रिश्ता तलाश रहे थे। इसी के बाद मयंक ने हत्या की साजिश रची और बैग में पेट्रोल लेकर आया था।