बुलंद सोच, रीवा।
रीवा में कांग्रेस नेता अमित वर्मा की शहर के बीच बाजार में सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति बिहार कॉलोनी के समीप हुई। हमलावरों ने नेता पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
घटना रात 9 बजे की बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता अमित वर्मा किसी जरूरी काम से शांति बिहार कॉलोनी क्षेत्र स्थित बाजार पहुंचे थे। दोपहर के समय जब बाजार में अच्छी-खासी भीड़ थी, तभी बाइक सवार 2 से 3 अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और नेता को घेर लिया।
बिना कुछ बोले हमलावरों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में नेता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर उन्हें लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर जमा हो गए। आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर एसपी रीवा, सीएसपी और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से 2 बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस का मानना है कि ये बाइक हमलावरों की हो सकती हैं, जिन्हें वे जल्दबाजी में छोड़कर भागे।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। आसपास लगे दुकानों और होटलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल और थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। माहौल तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या अन्य किसी कारण से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित की गई हैं और शहर के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर चेकिंग की जा रही है।
बीच शहर, भरे बाजार में हुई इस हत्या से आमजन में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या का सही कारण सामने आ पाएगा।

