BREAKING NEWS
2026-08-10

शुजालपुर के कैलाश नारायण पाठक के अंगदान से दो को जीवनदान, इंदौर में 69वां ग्रीन कॉरिडोर बना

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

शनिवार को इंदौर शहर में 69वां ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। शुजालपुर के निवासी 54 वर्षीय कैलाश नारायण पाठक की ब्रेन डेथ के बाद, उनकी दो किडनियां दो जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित की गईं।
उनकी एक किडनी चोइथराम अस्पताल में भर्ती 35 वर्षीय पुरुष को तथा दूसरी किडनी एमिनेंट अस्पताल में भर्ती 39 वर्षीय पुरुष को प्रत्यारोपित की गई। कैलाश नारायण पाठक का नेत्रदान शंकरा आई अस्पताल के माध्यम से संपन्न हुआ।
कैलाश नारायण पाठक बड़ौद में मंडी सचिव के पद पर कार्यरत थे।
कैलाश नारायण पाठक के अंगदान से पूर्व उनकी पत्नी मनोरमा पाठक ने पति के स्वीकृति-पत्र पर हस्ताक्षर करने से पहले स्वयं अंगदान एवं देहदान का संकल्प पत्र भरा।
अंगदान की इस पूरी प्रक्रिया में शैल्बी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विवेक जोशी, डॉ. अभिषेक चौरसिया, डॉ. अर्जुन पनवार और ऑर्गन डोनेशन कोऑर्डिनेटर हेमलता सिंह की अहम भूमिका रही। शैल्बी हॉस्पिटल की समस्त टीम का पूरे समय पूर्ण सहयोग और समर्पण बना रहा।
मुस्कान सेवादार ग्रुप के जीतू बगानी, संदीपन आर्य, हरपाल सितलानी एवं लक्की खत्री की भी इस प्रक्रिया में अहम भूमिका रही।
कैलाश नारायण पाठक के निधन के पश्चात उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। शनिवार सुबह 7:30 बजे उनका पार्थिव शरीर उनके घर शुजालपुर के लिए सम्मानपूर्वक रवाना किया गया।

Advertisement

इंदौर में सड़क हादसा

इंदौर में नायता मुंडला ब्रिज के समीप एक कंटेनर से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर कंटेनर को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोंसर टोंककला निवासी गोपाल चौधरी अपनी पत्नी पूजा उर्फ सेठानी के साथ बैलगाड़ी से जा रहे थे। ब्रिज के समीप पूजा सड़क पार कर चाय लेने जा रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार में आए कंटेनर (डीडी 01आर 9033) ने उन्हें टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रायपुर एम्स में अंगदान

रायपुर एम्स में एक 12 साल की मासूम बच्ची ने अंगदान के माध्यम से दो लोगों को नई जिंदगी दी। अंतिम विदाई के समय उसे ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया।