BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में ऑस्ट्रेलिया नौकरी और वर्क वीजा के नाम पर 7.21 लाख रुपये की साइबर ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में एक व्यक्ति से ऑस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी और वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 7.21 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

शिकायतकर्ता के अनुसार, अज्ञात आरोपितों ने उनसे संपर्क कर खुद को ‘इंच टेक्नोलाजीज’ कंपनी का मैनेजर सुमित और डायरेक्टर माइकल बताया था। आरोपितों ने ऑस्ट्रेलिया में इंजीनियर की नौकरी का आकर्षक प्रस्ताव दिया और नौकरी के साथ वर्क वीजा दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

विश्वास जीतने के लिए आरोपितों ने गूगल मीट के जरिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराई और एक फर्जी कॉन्ट्रैक्ट भी कराया। इसके बाद उनसे कभी हेल्थ इंश्योरेंस, कभी अतिरिक्त इंश्योरेंस और कभी वीजा शुल्क के नाम पर रकम मांगी जाने लगी।

आरोपितों ने रेजरपे के पेमेंट लिंक भेजे, जिनके जरिए शिकायतकर्ता ने 5 दिसंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 के बीच कुल सात लाख 21 हजार रुपये ट्रांसफर किए।

मोबाइल हैकिंग से धोखाधड़ी

कनाड़िया पुलिस ने भी प्रज्ञा पंवार (भट्ट) की शिकायत पर 99 हजार 996 रुपये की धोखाधड़ी का एक अन्य मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपितों ने उनके मोबाइल में ई-मेल वेब इंस्टाल करवाकर मोबाइल हैक कर लिया था। इसके बाद आरोपितों ने यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 99 हजार 996 रुपये निकाल लिए।