बुलंद सोच, जबलपुर।

रेलवे ने इटारसी-जबलपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए नई दैनिक पैसेंजर ट्रेन शुरू करने की स्वीकृति दी है। ट्रेन संख्या 51673/51674 इटारसी-मदन महल पैसेंजर के संचालन से दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। यह सेवा विशेष रूप से अनारक्षित, मध्यमवर्गीय और कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
ट्रेन का समय
ट्रेन संख्या 51673 इटारसी-मदन महल पैसेंजर इटारसी जंक्शन से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर शाम 4:45 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 51674 मदन महल-इटारसी पैसेंजर शाम 5:50 बजे मदन महल से चलेगी और रात 10:55 बजे इटारसी पहुंचेगी।
मार्ग और ठहराव
यह ट्रेन करीब 242 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 5 मिनट में तय करेगी। ट्रेन का बागरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम में वाणिज्यिक ठहराव रहेगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को जबलपुर और इटारसी तक दैनिक आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा।
अन्य लाभ
नई सेवा से शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। इटारसी से आगे देश के अन्य हिस्सों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी यह सेवा फीडर के रूप में उपयोगी होगी।
आगामी घोषणाएं
ट्रेन के रैक, कोच कंपोजिशन और संचालन की तिथि रेलवे द्वारा जल्द घोषित की जाएगी।

