बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में 25 जुलाई को 26 वर्षीय बैंककर्मी पलक केशव का जला हुआ शव उनके किराए के कमरे में मिला था। शुरुआत में इसे एक हादसे के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही फोरेंसिक टीम ने पुलिस को हत्या की आशंका जताई।
फोरेंसिक विशेषज्ञों के अहम संकेत
एमवाय अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जहां फोरेंसिक विशेषज्ञों ने पुलिस को संकेत दिए कि मौत जलने से नहीं हुई है, बल्कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से आग लगाई गई है। फोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बजरंग कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने इसे जलने से हुई मौत का मामला बताया था। पोस्टमार्टम करने वाली डॉ. केपी धुर्वे और डॉ. जिजीथ ने जांच के दौरान पाया कि शरीर पर मौजूद जलने के निशान मृत्यु के बाद के थे।

शरीर पर मिले चोट के निशान
जांच में युवती के सिर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि पहले उसकी हत्या की गई और फिर शव को आग लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। शव जलने के साथ सड़ भी चुका था, जिससे मौत का सही कारण पता लगाना चुनौतीपूर्ण था। डॉ. बजरंग कुमार सिंह ने ऐसे संवेदनशील और संदिग्ध मामलों में पोस्टमार्टम के दौरान जांच से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी को आवश्यक बताया, ताकि मौके पर चर्चा से जांच तेज और सटीक हो सके।
बॉयफ्रेंड मयंक शाक्य गिरफ्तार
फोरेंसिक विशेषज्ञों के इनपुट के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच की दिशा बदली और दतिया से आरोपी बॉयफ्रेंड मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। पलक हत्याकांड इसका एक बड़ा उदाहरण है, जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की आशंका ने जांच का फोकस बदल दिया और पुलिस कम समय में आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
शादी से इनकार पर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि वह और पलक पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और वह पलक से शादी करना चाहता था, लेकिन पलक इसके लिए तैयार नहीं थी। पलक के शादी से इनकार करने पर नाराज मयंक दतिया से इंदौर पहुंचा। मयंक ने पुलिस को बताया कि पलक ने शादी करने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या की पूरी वारदात
मयंक ने बताया कि हत्या से पहले वे दोनों सराफा चौपाटी पर खाने-पीने गए थे। कमरे में वापस आकर जब उसने शादी के बारे में पूछा, तो पलक ने मना कर दिया और कहा कि उसके पिता ने उसके लिए लड़का देख लिया है और वह उनकी पसंद से ही शादी करेगी। इस पर मयंक भड़क गया और पलक को जमीन पर पटक दिया। उसने मुंह दबाकर उसकी हत्या की और शरीर के ऊपरी हिस्से पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद मयंक ने खुद सब्जी काटी और शव को किचन में गैस चूल्हे के पास पटक दिया। उसने बर्नर निकालकर इसे एक दुर्घटना दर्शाने का प्रयास किया। जले हुए कपड़े बैग में रखकर वह फरार हो गया था।
आरोपी का परिचय
आरोपी मयंक एक इलेक्ट्रिशियन है और सिंगिंग ऐप ‘स्टार मेकर्स’ पर गाने गाता है। 2021 में इसी ऐप के माध्यम से उसकी पलक से दोस्ती हुई थी। मयंक ने बताया कि मई में पलक का व्यवहार अचानक बदल गया था, उसने उसे ब्लॉक कर दिया और बातचीत बंद कर दी, जिसके बाद उसके मन में हत्या का विचार आया। पलक हरदा जिले के टिमरनी की निवासी थी और इंदौर में किराए के कमरे में रहकर बैंक में नौकरी करती थी।

