बुलंद सोच, बंडा।
नगर समेत ग्रामीण अंचलों की शैक्षणिक संस्थाओं में गुरु पूर्णिमा महोत्सव भारतीय परंपरा अनुसार मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों का पूजन, आरती कर उन्हें उपहार भेंट किए।
सांदीपनि विद्यालय में विशेष कार्यक्रम
सांदीपनि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एनके कन्हौआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में एनएस ठाकुर, आरएस पटेल और पीआर प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रभारी प्राचार्य विवेक सोनी और प्रधान अध्यापक संजय सेन ने गुरु-शिष्य परंपरा पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु पत्थर को भी पारस बना देता है।
अन्य शैक्षणिक संस्थाओं में उत्सव
पीएम श्री कन्या शाला में प्राचार्य संतोष चौरसिया ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और संस्कारों का बोध कराती है। शिशु मंदिर में भैया-बहनों ने आचार्यों और दीदियों का फूल माला पहनाकर वंदन किया। राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य कुलदीप यादव ने गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए जीवन में हमेशा गुरुओं का सम्मान करने की बात कही। इसके अतिरिक्त, मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल मगरधा, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कंदवा, बिनैंका, बरा और मोकलमऊ में भी गुरु पूर्णिमा पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
शिष्यों ने लिया गुरुओं का आशीर्वाद
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिष्यों ने अपने-अपने गुरुओं के निवास, मठ और मंदिरों में पहुंचकर फूल मालाएं पहनाईं एवं दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुओं ने भी अपने शिष्यों को सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया।
