बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर बायपास पर रील बनाने गए कुछ युवकों को कार सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर उनकी कार और मोबाइल फोन लूट लिए। यह घटना सुल्लाखेड़ी ब्रिज के समीप रात करीब साढ़े तीन बजे हुई। पालाखेड़ी (गांधीनगर) निवासी विनोद पुत्र राजेश रघुवंशी अपने पड़ोसी राजेश चंदेल की कार (एमपी 09सीएक्स 6041) से दोस्त दीपक, लोकेश और एक अन्य के साथ पार्टी करने के बाद बायपास पर रील बनाने गए थे।
एसडीओपी (सांवेर) देवेंद्रसिंह धुर्वे के मुताबिक, रील बनाते समय एक छत्तीसगढ़ पासिंग कार में सवार चार युवक मौके पर आए और आते ही हमला करना शुरू कर दिया। उनके हाथ में चाकू और लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने सबसे पहले दीपक के पैर में वार किया, कार के कांच फोड़ दिए और हत्या की धमकी दी। डर के कारण युवक कार में चाबी छोड़कर भाग गए। आरोपित दीपक और लोकेश का मोबाइल व कार लेकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद युवकों ने ऑटो रिक्शा चालक से मदद ली और दीपक को एमवाय अस्पताल ले गए। घटना की सूचना मिलने पर मांगलिया पुलिस चौकी से जवान पहुंचे और शनिवार को मामला दर्ज किया गया।
विनोद से लूटी गई कार अगले दिन शाजापुर के समीप मोहन बड़ौदिया में लावारिस अवस्था में मिल गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। युवकों ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने हमला करने से पहले दो बार रैकी की थी। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इस वारदात में कंजर गिरोह का हाथ होने का शक है।

