बुलंद सोच, इंदौर।

कांग्रेस अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालना चाहती है। जिला कांग्रेस ने इस झांकी की अनुमति के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है। झांकी के गैर-राजनीतिक होने का दावा किया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा कि अनंत चतुर्दशी की झांकियां इंदौर की गौरवशाली परंपरा हैं। ये झांकियां केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सरोकार, देशभक्ति और सामयिक विषयों को भी प्रस्तुत करती हैं। वानखेड़े के अनुसार, वर्तमान में युवाओं की आवाज, अधिकार, आकांक्षाएं और देश के भविष्य में उनकी भूमिका प्रमुख विषय हैं। इसी भावना के साथ ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालने की इच्छा व्यक्त की गई है। पत्र में वानखेड़े ने स्पष्ट किया कि झांकी का उद्देश्य किसी दल का प्रचार करना नहीं है। इसका मकसद विद्यार्थियों और युवाओं के मुद्दों को रचनात्मक और सांस्कृतिक माध्यम से समाज के सामने रखना है। कांग्रेस ने प्रशासन के सभी नियमों, सुरक्षा मानकों और यातायात दिशा-निर्देशों का पालन करने की सहमति दी है। वानखेड़े का यह भी कहना है कि यह झांकी छात्रों को समाज और देशहित में प्रेरणा देगी।
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम हेतु पंजीयन
कांग्रेस सेवादल ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के प्रचार और पंजीयन में सक्रिय हो गया है। जिला अध्यक्ष मुकेश यादव के निर्देशानुसार मंगलवार से भंवरकुआं क्षेत्र के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर एक स्टॉल लगाया जाएगा। इस स्टॉल पर विद्यार्थी और युवा कार्यक्रम के लिए अपना पंजीयन करवा सकेंगे।
कोचिंग कक्षाओं में उत्साहपूर्ण पंजीयन
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया जब गीता भवन चौराहा क्षेत्र पहुंचीं, तो कोचिंग कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थी उत्साहित हो गए। इन विद्यार्थियों ने राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के लिए तत्काल अपना पंजीयन करवाया। कुछ ही मिनटों में 1835 विद्यार्थियों ने अपना पंजीयन करा लिया। इन युवाओं ने बताया कि वे काफी दिनों से इस विषय पर अखबारों में पढ़ रहे थे और सोशल मीडिया पर देख रहे थे। उन्होंने परीक्षा के आयोजन में सरकार और परीक्षा आयोजन एजेंसी द्वारा की जा रही लापरवाही की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों का यह भी कहना था कि सरकार की रुचि पक्षपात विहीन प्रतियोगी परीक्षा करवाने में नहीं है, जिससे उनकी उम्मीदें बहुत कम हैं। रीना बौरासी सेतिया से चर्चा करते हुए इन विद्यार्थियों ने कहा कि राहुल गांधी उनकी समस्याओं को उठा रहे हैं, जिससे उन्हें समाधान की उम्मीद जगी है। इन विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम के लिए पंजीयन करवाया और कहा कि वे कार्यक्रम में आकर अपनी समस्याएं भी बताएंगे। गीता भवन क्षेत्र में कुछ ही मिनटों में 1835 विद्यार्थियों के पंजीयन हुए, और इस दौरान म्यूजिक सिस्टम पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी नाचने भी लगे।
कार्यक्रम स्थल और वित्तीय विवरण
राहुल गांधी के कार्यक्रम को मैदान मिल गया है। कांग्रेस ने इसके लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को 10 लाख रुपये का भुगतान किया है। यह कदम Gen-Z को लुभाने की तैयारी का हिस्सा है।

