बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पड़ोस में ही रहने वाले युवक आसिफ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। यह घटना जुलाई महीने में हुई थी।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे आरोपी आसिफ ने उससे मोबाइल का चार्जर मांगा था। जब छात्रा चार्जर देने आरोपी के घर पहुंची, तो आसिफ ने उसे धोखे से ऊपर के कमरे में बुला लिया।
आरोपी आसिफ ने कमरा बंद कर छात्रा के साथ जबर्दस्ती की और दुष्कर्म किया। घटना के बाद आसिफ ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे और उसके भाई को जान से मार देगा।
आरोपी की इस धमकी के डर से पीड़िता ने कई महीनों तक किसी को कुछ नहीं बताया। मामले का खुलासा तब हुआ जब पिछले पंद्रह दिनों से पीड़िता को लगातार उल्टी, सिरदर्द और पेट में तेज दर्द होने लगा।
तबीयत खराब होने पर जब मां ने उससे वजह पूछी, तो छात्रा रो पड़ी और उसने परिजनों को अपनी पूरी आपबीती सुनाई।
पुलिस कार्रवाई
इसके तुरंत बाद परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपित आसिफ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के बयानों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रकरण में जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक सोनिया सिंह ढाकरे को सौंपा गया है।
पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

