बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल के एक कमरे में 32 वर्षीय ब्यूटिशियन की मृत्यु हो गई। उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला और मुंह से झाग निकल रहा था। वह पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल में रुकी थी। पुलिस ने जहर खाने से मौत होने की आशंका जताई है।
तिलक नगर पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी सोनाली शर्मा बुधवार दोपहर 2 बजे दीपक खंडेलवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने एक कमरा किराए पर लिया था। कुछ घंटों बाद, दीपक कमरे से बाहर आया और होटल स्टाफ को अपनी दोस्त की तबीयत खराब होने तथा उसे अस्पताल ले जाने की जानकारी दी।
इसके बाद दीपक महिला को अक्षत अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद दीपक महिला को छोड़कर फरार हो गया।
सोनाली के पिता का बयान
सोनाली के पिता ने पुलिस को बताया कि वह पिंक सिटी पार्लर में काम करती थी। इसी पार्लर में उसकी पहचान दीपक खंडेलवाल से हुई थी। पिता के अनुसार, दीपक पहले भी दो बार सोनाली के घर आ चुका था।
पति से अलग रहती थी सोनाली
पुलिस के अनुसार, सोनाली अपने पति से लगभग एक साल से अलग रह रही थी, क्योंकि उसका पति कोई काम नहीं करता था। उसका पति ड्राइवर है और मूल रूप से ब्यावरा का निवासी है। सोनाली की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 14 साल है।
जांच और पुलिस कार्रवाई
पिता के मुताबिक, बुधवार को सोनाली पार्लर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह दीपक के साथ होटल पहुंची।
शाम को दीपक के कमरे से निकलने के बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सोनाली जिस अवस्था में मिली थी, उसके मुंह से झाग निकल रहा था। फिलहाल, जहर खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश कर रही है, ताकि उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

