बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले व्हाट्सएप पर ऑनलाइन पैसे कमाने का मैसेज भेजा। इसके बाद टेलीग्राम पर होटल के रिव्यू-रेटिंग का टास्क दिया। तत्पश्चात, शेयर मार्केट में 30% प्रॉफिट का लालच देकर महिला से अलग-अलग रकम ऑनलाइन जमा करवाई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप मैसेज से शुरुआत
हीरानगर पुलिस के अनु, सिद्धार्थ शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे एक दुकान पर नौकरी करते हैं। 21 अगस्त को उनकी पत्नी सिमरन के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन पैसे कमाने को लेकर व्हाट्सएप मैसेज आया था। सिमरन के हां कहने पर आरोपी ने टेलीग्राम पर एक लिंक भेजी और उसे खोलने के लिए कहा। लिंक पर होटल के रिव्यू और रेटिंग देने का टास्क दिया गया। पहले टास्क पर 180 रुपए और दूसरे टास्क पर 300 रुपए दिए गए।
30% प्रॉफिट का लालच
इसके बाद आरोपी ने सिमरन से शेयर मार्केट में पैसा लगाने को कहा। इसमें लगाई गई रकम पर 30% प्रॉफिट मिलने की बात कही गई। इसके लिए एक नई लिंक भेजी गई, जिसमें पेमेंट क्रिप्टो करेंसी के रूप में ऑनलाइन दिख रहा था। सिमरन ने शुरुआत में 800 रुपए लगाए। इसके बाद उसे 30% प्रॉफिट बताया गया। रकम निकालने के लिए 3 हजार रुपए और ऑनलाइन जमा करने को कहा गया।
लगातार जमा करवाई गई रकम
आरोपी ने इसी तरह सिमरन से 10 हजार, 30 हजार और अन्य रकम ऑनलाइन खाते में जमा करवाई। बाद में पूरी रकम वापस करने के लिए 50 हजार रुपए और ऑनलाइन जमा करने को कहा गया। 23 अगस्त को सिमरन ने पूरी बात अपने पति सिद्धार्थ को बताई। इसके बाद दोनों ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हीरानगर पुलिस ने जांच की। जांच के बाद सोमवार को अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

