बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के चंदन नगर और मल्हारगंज थाना क्षेत्र में रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने उत्पात मचाया। हुकुमचंद कॉलोनी से निकले इन बदमाशों ने राजनगर की अलग-अलग गलियों में खड़ी लगभग पांच कारों के कांच फोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
यह वारदात उस क्षेत्र में हुई, जहां एक पुलिस चौकी भी स्थित है। पुलिस को देर शाम इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
रहवासियों के अनुसार, बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर खड़ी कारों पर पत्थर बरसाए, जिससे कुछ ही देर में कई वाहनों के कांच टूट गए। पुलिस को फिलहाल लगभग तीन कारों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में रहवासी एकत्र हो गए और उन्होंने पुलिस से बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
राजनगर में वाहनों को निशाना बनाने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ माह पहले भी बदमाशों ने एक पार्षद की कार समेत लगभग पांच वाहनों के कांच फोड़ दिए थे। उस मामले में छत्रीपुरा पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर तीन बदमाशों को पकड़ा था, जिन्हें बाद में चंदन नगर पुलिस को सौंपा गया था।
रविवार की घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। टीआई तिलक करोले के अनुसार, बदमाश मल्हारगंज थाना क्षेत्र की हुकुमचंद कॉलोनी से आए थे और उन्होंने राजस्थान पासिंग की पांच कारों को निशाना बनाया है। फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों का पता लगाकर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। मल्हारगंज टीआई नीरज बिरथरे के अनुसार, आरोपित हुकुमचंद कॉलोनी की तरफ से आए थे, लेकिन उन्होंने एक कार पर पत्थर मारकर भाग गए। इस मामले में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

