बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर। खुड़ैल इलाके में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार सड़क से 30 फीट नीचे जा गिरा। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान वैभव लक्ष्मी नगर, कनाड़िया निवासी 50 वर्षीय मुकेश मीणा के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर थे।
शुक्रवार शाम को मुकेश मीणा इंदौर-नागपुर रोड पर खुड़ैल खुर्द के पास अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश बाइक समेत उछलकर ब्रिज से लगभग 30 फीट नीचे जा गिरे।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुकेश को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
इसी दौरान, मौके पर भीड़ जमा हुई तो वहां से गुजर रहे उनके भतीजे आकाश ने भीड़ देखकर अपनी बाइक रोकी। नीचे जाकर देखा तो हादसे का शिकार उसका अपना फूफा निकला। आकाश ने तत्काल मुकेश को अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हादसे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
अन्य सड़क हादसे
भोपाल में एक अन्य सड़क हादसे में स्पीड ब्रेकर के कारण बाइक से उछलकर सड़क पर गिरी एक महिला की 6 दिन तक अस्पताल में इलाज के बाद मौत हो गई।
तुकोगंज थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय राकेश पुत्र घीसालाल, निवासी गोमा की फेल, की सड़क पार करते समय एक हादसे में मौत हो गई। यह घटना रेसकोर्स रोड की है।
एक तेज रफ्तार कार चालक ने राकेश को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राकेश को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सागर-झांसी फोरलेन पर भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे हाइवे पर तनाव बढ़ गया।

