बुलंद सोच, जबलपुर।

रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुरुवार को मदन महल रेलवे स्टेशन पर रेलवे विद्युत तार चोरी के मामले का खुलासा किया है। आरपीएफ टीम ने स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-चार पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास सफेद प्लास्टिक की बोरी से लगभग 20 मीटर चोरी का रेलवे विद्युत तार बरामद हुआ।
पकड़े गए संदिग्ध तार के संबंध में कोई खरीद रसीद नहीं दिखा सके।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी किए गए तार को जलाकर उसमें से तांबा निकालते थे और उसे एक बर्तन व्यापारी को बेच देते थे।
चोरी का तांबा बरामद और व्यापारी की संलिप्तता
आरपीएफ एएसआइ जगदीश प्रसाद जाट, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र सिंह और शरद परौहा की टीम को आरोपियों से चोरी का तांबा खपाने के ठिकाने का सुराग मिला। इसके बाद शारदा चौक स्थित नरेंद्र बर्तन भंडार में दबिश दी गई।
दुकान संचालक गढ़ा के छोटी बजरिया निवासी नरेंद्र कुमार ताम्रकार (58) ने आरोपियों से तांबा खरीदना स्वीकार किया। तलाशी में उसकी दुकान से चोरी का तांबा भी बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
आरपीएफ जबलपुर पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गंगासागर ताला निवासी बद्दू उर्फ अजय केवट (30) और मदनमहल निवासी अजय सौंदिया (40) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने प्लेटफार्म नंबर-एक के इटारसी छोर से पहले भी रेलवे तार चोरी करना स्वीकार किया।
इस मामले में आरपीएफ मदन महल आउटपोस्ट में तीनों आरोपियों पर रेल अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। न्यायालय के निर्देश पर अजय सौंदिया और नरेंद्र कुमार ताम्रकार को बंधपत्र पर छोड़ा गया। वहीं, बद्दू उर्फ अजय केवट के पास स्थायी पता व पहचान पत्र नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर बंदीगृह में दाखिल किया गया।

