बुलंद सोच, मुरैना।

गुरुवार दोपहर सवा 12 बजे के करीब मुरैना शहर के लालौर रेलवे फाटक के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना आगरा से मुरैना की ओर आ रही हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन के साथ हुई।
ट्रेन 20 मिनट तक थमी रही
युवक इंजन के आगे फंसकर घिसटता चला गया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेन के ब्रेक का प्रेशर लीक हो गया और ट्रेन को रोकना पड़ा। हीराकुंड एक्सप्रेस लगभग 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही और प्रेशर बहाल होने के बाद ही आगे रवाना हो सकी।
शव की पहचान नहीं
हादसे के बाद आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन रोड थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर युवक की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव टुकड़ों की हालत में मिला। ट्रेन के नीचे घिसटने के कारण शव की पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि मृतक युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
स्टेशन रोड थाना पुलिस और जीआरपी दोनों इस बात की जांच में जुटी हैं कि अज्ञात मृतक ने आत्महत्या की है या वह हादसे का शिकार हुआ है।
अन्य ट्रेनों पर भी प्रभाव
इस हादसे के बाद और हीराकुंड एक्सप्रेस के रवाना होने पर लालौर फाटक खोला गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और फाटक पर जाम लग गया। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही खजुराहो इंटरसिटी और ग्वालियर-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन को भी इस जाम के कारण 10 से 12 मिनट तक रोकना पड़ा।
शिनाख्त के प्रयास जारी
स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

