बुलंद सोच, जबलपुर।

रेलवे ने अगले महीने से जबलपुर से चलने वाली दो ट्रेनों की कोच संरचना में बड़े बदलाव की तैयारी की है। जबलपुर से रीवा और रायपुर जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा बढ़ाई जा रही है।
जबलपुर-रीवा शटल में रैक परिवर्तन
जबलपुर-रीवा-जबलपुर शटल में अब तक केवल चेयरकार की सुविधा उपलब्ध थी। तीन अक्टूबर से एलएचबी रैक के साथ इसमें एसी कोच बढ़ेंगे और स्लीपर कोच भी जुड़ेगा। सामान्य कोच बढ़ने से आम और दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।गाड़ी संख्या 11705/11706 जबलपुर-रीवा-जबलपुर शटल का संचालन अब पारंपरिक आईसीएफ रैक के स्थान पर आधुनिक एलएचबी रैक से किया जाएगा। वर्तमान में यह ट्रेन 23 कोच के साथ चलती है, जिसमें 15 सामान्य, पांच चेयरकार द्वितीय श्रेणी, एक एसी चेयरकार तथा दो लगेज एवं ब्रेक वैन शामिल हैं। यानी अभी यात्रियों के लिए स्लीपर श्रेणी उपलब्ध नहीं है। तीन अक्टूबर से नया संयोजन 22 एलएचबी कोच का होगा। इसमें एक एसी टू-टियर, दो एसी थ्री-टियर, एक एसी थ्री-टियर इकोनामी, एक एसी चेयरकार, एक स्लीपर, चार चेयरकार द्वितीय श्रेणी, 10 सामान्य श्रेणी और दो गार्ड सह लगेज-ब्रेक वैन शामिल होगी।
जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी में कोच वृद्धि
जबलपुर-रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार अक्टूबर से चार कोच स्थायी रूप से बढ़ाए जाएंगे। इनमें एक एसी थ्री-टियर इकोनामी और तीन सामान्य (जनरल) श्रेणी के कोच शामिल हैं। सामान्य कोच बढ़ने से आम और दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।गाड़ी संख्या 11702/11701 जबलपुर-रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार अक्टूबर से चार अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े जाएंगे। इनमें एक एसी थ्री-टियर इकोनामी और तीन सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। वर्तमान में इंटरसिटी 18 कोच के रैक के साथ संचालित होती है। इसमें सात सामान्य, आठ चेयरकार द्वितीय श्रेणी, एक एसी चेयरकार, एक स्लीपर, एक सेकेंड एसी फर्स्ट एवं दो एसी थ्री-टियर कोच सहित लगेज व ब्रेक वैन शामिल हैं। तीन अतिरिक्त सामान्य कोच जुड़ने से सामान्य यात्रियों के लिए सीटिंग क्षमता बढ़ेगी। वहीं एसी थ्री-टियर इकोनामी कोच बढ़ने से किफायती एसी यात्रा का विकल्प भी मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
इन बदलावों से दोनों ट्रेनों में सीट क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। रेलवे ने रायपुर इंटरसिटी में लगातार बढ़ते यात्री भार और मांग को देखते हुए चार अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय किया है। वहीं, जबलपुर-रीवा के बीच चलने वाली शटल ट्रेन के रैक और कोच संरचना में परिवर्तन से यात्रियों को इस ट्रेन में स्लीपर के साथ एसी टू-टियर, एसी थ्री-टियर और एसी इकोनामी जैसी अतिरिक्त श्रेणियों में यात्रा का विकल्प मिलेगा। एलएचबी कोच आधुनिक डिजाइन के होने से सुरक्षा, आराम और उच्च गति पर बेहतर संचालन की सुविधा भी मिलती है। यह दोनों बदलाव अगले माह के पहले सप्ताह से होंगे। इससे आने वाले त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी और यात्रियों के लिए यात्रा आसान बनेगी।

