BREAKING NEWS

जबलपुर: शादी से इनकार करने पर युवक ने युवती पर किया जानलेवा हमला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवती पर एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला किया। आरोपी ने शुक्रवार को नौकरी पर जा रही युवती का पीछा किया। इसके बाद उसका रास्ता रोककर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से युवती चीख निकली और घायल होकर सड़क पर गिर गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Advertisement

आरोपी की गिरफ्तारी

हमले के बाद भाग रहे आरोपी की बाइक फिसल गई और वह गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर उसे घेर लिया। भीड़ ने युवक की पिटाई की और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। आरोपी भी घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।

विवाह से इनकार का विवाद

यह पूरा मामला युवती की शादी की बात से जुड़ा है, जो गोरखपुर के ईसाई मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय शुभम जांगड़े से चल रही थी। परिवार की असहमति के कारण युवती ने विवाह से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी युवती पर विवाह का दबाव बना रहा था। आरोपी को जानकारी थी कि युवती प्रतिदिन नौकरी पर जाने के लिए घर से अकेले निकलती है। इसी समय पर उसने बाइक से युवती का पीछा किया। शिवालय परिसर के पास उसने युवती का रास्ता रोककर शादी से इनकार का कारण पूछते हुए विवाद शुरू कर दिया। जब युवती ने सरेराह विवाद करने पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए चाकू से उसके सिर, चेहरे, हाथों, पीठ और गर्दन के पास हमला कर दिया।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी शुभम जांगड़े के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं, शुभम जांगड़े ने भी युवती और उसके पक्ष के लोगों पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।