बुलंद सोच, खरगोन।

पिस्टल खरीदकर लौट रहे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को खरगोन में पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 10 अवैध देशी पिस्टल और उनका वाहन जब्त किया है।
आरोपित पुलिस से बचने के लिए बिना नंबर की कार की सीट के नीचे हथियार छिपाकर ले जा रहे थे।
यह कार्रवाई जिले की बिस्टान, भीकनगांव और गोगावां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिगनूर से बिना नंबर की कार में दो संदिग्ध युवक हथियार लेकर खरगोन की ओर आ रहे हैं।
पुलिस ने कार की घेराबंदी की सूचना पर भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के नेतृत्व में बिस्टान थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत, भीकनगांव थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ और गोगावां थाना प्रभारी दीपक यादव की टीम ने ग्राम रसगांगली में यात्री प्रतीक्षालय के पास खड़ी संदिग्ध कार को घेरा।
गाड़ी में बैठे रोकेश (33) पिता उदयवीर जाट निवासी पलवल (हरियाणा) और रोहित (26) पिता श्रीपाल स्वत निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। सीट के नीचे रखी थैली से 10 अवैध देशी पिस्टल बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि उन्होंने यह हथियार सिगनूर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदे थे। बिस्टान पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब सिगनूर के उस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।

