खरगोन में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के दो हथियार तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 10 अवैध देशी पिस्टल और एक बिना नंबर की कार जब्त की है। आरोपितों ने हथियार कार की सीट के नीचे छिपा रखे थे। बिस्टान, भीकनगांव और गोगावां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रसगांगली में घेराबंदी कर रोकेश (33) और रोहित (26) को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने सिगनूर से हथियार खरीदने की बात कबूल की है। पुलिस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।
मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के संजय नगर में एक घर में दो फीट लंबा कोबरा घुस गया। सावन माह की आस्था के चलते परिवार ने उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय दीपक जलाकर फूल-फल अर्पित किए। सांप लगभग दो घंटे तक हॉल में रहा और बाद में स्वयं निकल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वन्यजीव वार्डन टोनी शर्मा ने सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग को सूचित करने की सलाह दी है।
खरगोन जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार शाम इंदौर का एक 30 वर्षीय युवक अर्पित हाड़ा रील बनाने और स्नान के दौरान नर्मदा नदी के तेज बहाव में बह गया। यह पिछले तीन माह में सहस्त्रधारा में डूबने की चौथी घटना है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की, सोमवार सुबह भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। एसडीएम पूर्वा मंडलोई के अनुसार, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड्स होने के बावजूद पर्यटक प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करते हैं। प्रशासन बारिश के दौरान स्थल को प्रतिबंधित करने और स्थायी सुरक्षाकर्मी तैनात करने पर विचार कर रहा है।