BREAKING NEWS

मंडला वन विभाग के बाबू के घर EOW का छापा, आय से अधिक संपत्ति का खुलासा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंडला।

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की 14 सदस्यीय टीम ने बुधवार को मंडला स्थित वन विभाग में पदस्थ बाबू श्वेतांक चौरसिया के राजराजेश्वरी वार्ड स्थित आवास पर छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर की गई। डीएसपी मंजीत सिंह और डीएसपी स्वर्णजीत सिंह धामी सहित टीम सुबह से तलाशी अभियान में जुटी है।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में टीम को करीब 50 लाख रुपये कीमत की एक दुकान, 5 लाख रुपये नकद, लगभग चार किलो चांदी, करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और तीन चारपहिया वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है।

ईओडब्ल्यू की टीम श्वेतांक चौरसिया के बैंक खातों, लॉकर, एलआईसी पॉलिसियों और अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

संपत्ति और आय का आकलन

प्रारंभिक जांच के अनुसार, श्वेतांक चौरसिया की लगभग 20 साल की नौकरी में वैध आय करीब 50 लाख रुपये के आसपास होनी चाहिए।

ईओडब्ल्यू द्वारा कराई गई गुप्त प्रारंभिक जांच में आय से करीब 300 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई थी।

हालांकि, वास्तविक संपत्ति और आय का अंतर तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जांच में श्वेतांक चौरसिया की पत्नी के ब्यूटी पार्लर की जानकारी भी सामने आई है। ईओडब्ल्यू टीम पार्लर से संबंधित आय और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक सामने आई संपत्तियां किस आय के स्रोत से अर्जित की गई हैं।

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कुल कितनी संपत्ति मिली और उसमें से कितनी संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक है।