बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में एक घर में घुसकर युवक को बेहोश कर सोने की चेन और फोन लूटने की घटना सामने आई है। यह वारदात बर्न कंपनी बिल्डिंग क्वाॅर्टर में हुई, जहाँ 26 वर्षीय अंशुल सिंह इवेंट शो से जुड़े काम करते हैं। घटना के समय अंशुल सिंह घर में अकेले सो रहे थे, क्योंकि उनकी माँ शीला बाई नाइट ड्यूटी पर गई हुई थीं। अंशुल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे खुशबू चौधरी अपने साथियों के साथ उनके घर पहुँची। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर अंशुल के शयनकक्ष में प्रवेश किया और खुशबू ने कपड़े से उनका मुँह दबाया, जिससे वे बेहोश हो गए। माँ के ड्यूटी से लौटने पर अंशुल के चेहरे पर पानी डाला गया, जिसके बाद उन्हें होश आया। अंशुल ने अपनी माँ को घटना के बारे में बताया, तब जाँच करने पर उनके गले से करीब 8 ग्राम की सोने की चेन और बिस्तर पर रखा फोन गायब मिला। पुलिस ने आरोपी खुशबू चौधरी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
गोरखपुर थाना क्षेत्र में लॉकर से जेवर चोरी
गोरखपुर थाना क्षेत्र में घर की आलमारी के लॉकर से सोने के जेवर चोरी होने का एक और मामला सामने आया है। गुप्तेश्वर निवासी अविनाश रावत ने पुलिस को बताया कि वह सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम करते हैं और उनकी पत्नी नागपुर के केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। परिवार में 6 अक्टूबर को गमी होने के बाद 18 अक्टूबर को तेरहवीं में परिजन घर आए थे। उनकी माँ ने करीब दो माह पहले आलमारी के लॉकर में सोने के जेवर रखे थे। 1 नवंबर को लॉकर चेक करने पर दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र और एक अंगूठी गायब मिली, जबकि चांदी के जेवर सुरक्षित थे। पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है और अज्ञात चोर के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।

