बुलंद सोच, दमोह।

दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के सुरखी उमरिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन साल के मासूम की जान चली गई।
सुरखी उमरिया निवासी देवेंद्र अहिरवार का साढ़े तीन वर्षीय पुत्र अजीत घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। ई-रिक्शा में चाबी लगी हुई थी।
इसी दौरान खेलते समय एक बच्चे ने चाबी घुमा दी जिससे ई-रिक्शा चालू होकर आगे बढ़ गया और अचानक पलट गया।
हादसे में अजीत ई-रिक्शा के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के दौरान निधन
घटना के बाद स्वजनों ने तत्काल ई-रिक्शा के नीचे से बच्चे को बाहर निकाला और उपचार के लिए हिंडोरिया अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, हालांकि मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी
अस्पताल से मर्ग डायरी मिलने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पीएम कराया और शव स्वजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

