बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर की जवाहर कॉलोनी निवासी 9 वर्षीय हया कुरैशी पटाखा फटने से झुलस गईं। इस हादसे में उनका चेहरा और दायां हाथ आग की चपेट में आ गया। बच्ची करीब 10 से 15 प्रतिशत तक झुलसी हैं। उन्हें उपचार के लिए जयाआरोग्य अस्पताल (जेएएच) के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। स्वजन पहले हया को एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें जेएएच ले जाया गया। 29 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे हया अपने पड़ोस में खेल रही थीं, तभी पटाखे में विस्फोट होने से वह आग की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद पड़ोसियों ने बच्ची को बचाया। जेएएच में उन्हें ट्रामा सेंटर के माध्यम से 29 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। डाक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
रास्ते के विवाद में गोली चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
उधर, आरोन क्षेत्र में रास्ते को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हवाई फायर करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बृजेंद्र रावत को करई तिराहा से पकड़ा है। उसके पास से एक कट्टा भी बरामद किया गया है। फरियादी हरिओम सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 28 अक्टूबर को हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में बृजेंद्र रावत और उसके साथियों ने लात-घूंसों से मारपीट की थी। उन्होंने जान से मारने की नीयत से हवाई फायर भी किए थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी।

