BREAKING NEWS
2026-11-16

मप्र परिवहन विभाग ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटरों की जांच कराएगा, आरटीओ सात दिन में सौंपेंगे रिपोर्ट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

प्रदेशभर के आरटीओ अपने जिलों में स्थित ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटरों पर वाहनों की फिटनेस कितनी नियम कायदों से हो रही है, इसकी रिपोर्ट सात दिन में देंगे। हर जिले में पिछले तीन माह के वाहनों का डेटा निकालकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मप्र का परिवहन विभाग यह पूरी कवायद करा रहा है। यह कवायद इसलिए की जा रही है क्योंकि प्रदेश में होने वाले हादसों में वाहनों के फिट होने के बाद भी या अनफिट वाहन से हादसा होना सामने आता है।

Advertisement

प्रदेश में फिटनेस सेंटरों की स्थिति

प्रदेश में कुल 40 ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर हैं। रिपोर्ट में यह सामने आएगा कि इन सेंटरों पर फिटनेस कितनी ढंग से हो रही है। बता दें कि पहले वाहन की फिटनेस आरटीओ कार्यालय पर ही हो जाती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था निजी हाथों में दे दी गई है और ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर खोले गए हैं। परिवहन विभाग ने दलाल तंत्र को खत्म करने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है। ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर ग्वालियर, भोपाल, इंदौर और जबलपुर में पहले शुरू किए गए थे, जिसके बाद इनकी संख्या बढ़ाई गई। जिन जिलों में ये सेंटर नहीं हैं, वहां के वाहन नजदीकी सेंटरों पर फिटनेस कराते हैं। इन फिटनेस सेंटरों पर परिवहन विभाग की ओर से कोई निगरानी भी नहीं की जाती है। परिवहन विभाग के पास सिर्फ सूची आती है। यही कारण है कि सेंटरों पर होने वाली प्रक्रिया का सीधे परिवहन विभाग को पता नहीं चलता है।

शीतला माता मंदिर हादसा और तकनीकी जांच

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के गेट पर एक ट्रक ने 16 लोगों को रौंद दिया था और सभी की मौत हो गई थी, वहीं 42 लोग घायल हुए थे। इस मामले में जांच में सामने आया कि ट्रक की फिटनेस ओके थी, लेकिन प्राथमिक रिपोर्ट में ब्रेक प्रेशर लीक सामने आया है। इससे यह भी संकेत मिला कि फिट ट्रक भी अचानक तकनीकी रूप से खराब हो सकता है। ग्वालियर में पिछले माह हुए शीतला माता मंदिर पर ट्रक हादसे की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। ट्रक ने मंदिर के गेट पर ढलान से नो एंट्री में घुसकर लोगों को रौंद दिया था। इस मामले में पीएचक्यू और परिवहन विभाग की ओर से तकनीकी जांच कराई जा रही है, जिसमें प्राथमिक रूप से प्रेशर ब्रेक फेल होने की जानकारी सामने आई है। परिवहन विभाग की जांच में ट्रक के चालक के पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट मिला था। इसके अलावा अन्य हादसों का ब्यौरा भी लिया गया है।