बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक छात्रा से किया वादा निभा दिया। बड़वानी की प्रियंका सेंगर दिल्ली में आंखों का इलाज कराकर इंदौर लौट आई हैं। अब उनकी आंखों की रोशनी पहले से बेहतर है।
कार्यक्रम में हुई थी मुलाकात
19 सितंबर को हुए इस कार्यक्रम में मंच पर आए विद्यार्थियों में प्रियंका भी शामिल थीं। मंच पर राहुल गांधी की नजर उनकी एक खराब आंख पर पड़ी तो उन्होंने उनसे पूछा था। प्रियंका ने बताया था कि पैसों के अभाव में उनका इलाज अधूरा रह गया था। तब राहुल ने मंच से ही कहा था कि वे दिल्ली में उनका इलाज कराएंगे।
बचपन में खराब हुई थी आंख
प्रियंका ने बताया था कि जब वह तीन साल की थीं, तब उनकी आंखों में चूना चला गया था। इससे एक आंख खराब हो गई और दिखना बंद हो गया। एक ऑपरेशन तो हो चुका था, लेकिन दूसरे ऑपरेशन के लिए माता-पिता के पास पैसे नहीं थे।
कांग्रेस ने की मदद
राहुल के आश्वासन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रियंका के माता-पिता से फोन पर बात कर इलाज का भरोसा दिलाया था। पिछले महीने राहुल गांधी की टीम ने प्रियंका और उनके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें दिल्ली बुलाया।
दिल्ली में सफल इलाज
राहुल की टीम ने पहले प्रियंका के अब तक हुए इलाज की पूरी जानकारी ली, फिर दिल्ली के अस्पताल में उनकी आंख का ऑपरेशन कराया गया। इलाज सफल रहा और प्रियंका की दृश्यता में सुधार हुआ है। इलाज के बाद कांग्रेस ने उन्हें फ्लाइट से इंदौर वापस भेजा।
हॉस्टल की समस्याओं पर भी उठाई थी आवाज
उल्लेखनीय है कि प्रियंका ने कार्यक्रम में हॉस्टल की समस्याओं को भी उठाया था। राहुल गांधी के इस मानवीय कदम की शहर में सराहना हो रही है।
सीएम मोहन यादव का निशाना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘ये पप्पू है कि मानता ही नहीं, बेड़ा गर्क करके ही मानेगा।’

