बुलंद सोच, छतरपुर।

बागेश्वर धाम के कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शिवपुरी जिले के करैरा में चल रही श्रीराम कथा के दौरान भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेद करने वाले बयान पर विवाद के बाद सफाई देकर माफी मांग ली है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी फेसबुक पोस्ट कर बयान की निंदा की थी और कार्रवाई की मांग की थी।
शास्त्री का मूल बयान
शास्त्री ने 29 अक्टूबर को करैरा में कथा के दौरान कृष्ण और राम की तुलना की थी।
उन्होंने कहा था कि तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो। खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कहीं कमर लचकाए, टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं।
उन्होंने आगे कहा था कि हमारे वाले तो खड़े भी होते हैं तो एकदम सीधे। हमारे वाले का नाम भी सीधा, चलना भी सीधा, दिखते भी सीधे हैं।
शास्त्री ने कहा था कि तुम्हारे वालों का नाम भी टेढ़ा, चलते भी टेढ़े, खड़े भी टेढ़े।
उन्होंने आगे कहा था, बंसी बजाना तो खेल है, पर धनुष उठाना खेल नहीं। गाय चराना खेल है, बंदरों को नचाना खेल नहीं।
शास्त्री ने यह भी कहा था कि तुम्हारे वाले ने पर्वत उठाया तो क्या बड़ी बात, हमारे भगवान के चेले हनुमान ने तो पूरा पर्वत ही उड़ा दिया।
उन्होंने अपने बयान में कहा था कि हमारा धाम अयोध्या सीधा, तुम्हारा वृंदावन टेढ़ा।
विरोध और सफाई
इसका वीडियो वायरल होने के बाद ब्रज क्षेत्र के संतों और यादव समाज ने विरोध जताते हुए कहा कि राम और कृष्ण में भेद करना गलत है।
विवाद बढ़ने पर सोमवार को धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी।
वीडियो में उन्होंने कहा कि कई लोगों ने हमारी बात का गलत मतलब निकाल लिया है।
उन्होंने बताया कि हम खुद ठाकुर जी और ब्रज के भक्त हैं और उनका नाम भी कृष्ण से जुड़ा है।
शास्त्री ने यह भी कहा कि हमने तो हमेशा कृष्ण जन्मभूमि के लिए आवाज उठाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक प्रचलित पद ‘बंसी बजाना तो खेल ही है, पर धनुष उठाना खेल नहीं’ की व्याख्या थी, जैसे गोपियां कृष्ण को उलाहना देती हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम और कृष्ण में भेद करने का हमारा कोई इरादा नहीं था।
उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि अगर किसी को ठेस पहुंची है तो हम माफी मांगते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोग आधा वीडियो देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी बता रहे हैं।

