BREAKING NEWS
2026-10-17

छतरपुर: बानसुजारा बांध के आठ गेट खुले, धसान नदी उफान पर, निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, छतरपुर।

छतरपुर-टीकमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित बानसुजारा बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार रात आठ गेट खोल दिए। बांध के पहले से खुले दो गेटों के अलावा छह गेट भी 0.75-0.75 मीटर तक खोले गए हैं, जिससे धसान नदी में पानी का बहाव बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Advertisement

शुक्रवार रात बांध का जलस्तर 315.25 मीटर तक पहुंच गया था, जबकि बानसुजारा बांध की पूर्ण जलभराव क्षमता 316.50 मीटर है। आठ गेट खोले जाने के बाद धसान नदी में करीब 792 घनमीटर प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर, बांध में पानी की आवक करीब 450 घनमीटर प्रति सेकंड बनी हुई है। जल संसाधन विभाग बांध के जलस्तर और गेटों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।

बांध से पानी छोड़े जाने के कारण धसान नदी के निचले हिस्सों में जलस्तर 7 से 9 फीट तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और आम लोगों से नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। लोगों को नदी पार नहीं करने और तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचने की सलाह भी दी गई है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, यदि बांध में पानी की आवक और बढ़ती है तो जल निकासी भी बढ़ाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त गेट खोले जाने की संभावना है, ऐसी स्थिति में धसान नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। विभाग की टीमें बांध और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रही हैं तथा प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।