BREAKING NEWS

Latest News

दमोह में बच्चों द्वारा चालू किए गए ई-रिक्शे के पलटने से साढ़े तीन वर्षीय मासूम की मौत

दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के सुरखी उमरिया गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें साढ़े तीन वर्षीय मासूम अजीत की जान चली गई। अजीत अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खड़े ई-रिक्शे के पास खेल रहा था, जिसमें चाबी लगी हुई थी। खेलते समय एक बच्चे ने चाबी घुमा दी, जिससे ई-रिक्शा चालू होकर पलट गया। अजीत उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे हिंडोरिया अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दमोह: हटा सिविल अस्पताल के ड्यूटी रूम में घुसकर डॉक्टर चेतन साहू से मारपीट, जान से मारने की धमकी

दमोह जिले के हटा सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर चेतन साहू के साथ बुधवार रात करीब 11:30 बजे मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपी अनिल पुरानी ने ड्यूटी कक्ष में घुसकर डॉक्टर से गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए सपोर्ट स्टाफ मनीष श्रीवास्तव को भी पीटा गया। आरोपी ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हटा पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर अनिल पुरानी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अन्य आरोपियों की भूमिका भी स्पष्ट करेगी।

दमोह-जबलपुर हाईवे पर गड्ढों के कारण ट्रकों की टक्कर, 7 घंटे जाम

दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर सिंग्रामपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में खराब सड़क के कारण शनिवार सुबह दानीताल और धबालेन के बीच दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे से हाईवे पर करीब सात घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वाहन चालक लंबे समय से सड़क पर गहरे गड्ढों की शिकायत कर रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग की है।

दमोह में 7 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 4 वर्षीय बच्ची का शव पोखर से बरामद

दमोह के हटा थाना क्षेत्र के ग्राम भटिया में शुक्रवार को लापता हुई 4 वर्षीय वैष्णवी का शव लगभग सात घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घर से 50 मीटर दूर एक गहरे पोखर से बरामद किया गया। बच्ची दोपहर करीब 3 बजे लापता हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चले अभियान में शव को पोखर से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल हटा भेजा गया है। प्रारंभिक आशंका है कि बच्ची की मौत डूबने से हुई है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।